♦ आवेश तिवारी
सीमा आजाद की गिरफ्तारी के 24 घंटे भी नहीं हुए थे, जब उनके एक बेहद करीबी दोस्त ने, जो एक नामचीन कवि भी हैं, उनसे कोई नाता होने से इनकार कर दिया था। सीमा की एक और मित्र, जिसे खुद की गिरफ्तारी का भी अंदेशा बना हुआ था, पुलिसवालों से मिलकर अपनी साफगोई बयान कर रही थी। सीमा की गिरफ्तारी के बाद जिन लोगों ने संसद भवन के बाहर धरना दिया था, उनमें से एक ने मुझसे फोन पर बच-बचा कर लिखने को कहा और बोला कि इस तरह से उसके पक्ष में लिखोगे तो पुलिस तुम्हे नहीं छोड़ेगी। उन्होंने ये भी कहा कि “यार मैं नहीं जानती थी, पूरे एक ट्रक नक्सली सामग्री बरामद हुई है। मुझसे एसटीएफ का एसपी कह रहा था, सीमा हार्डकोर नक्सली है और हमें ये सच मानना ही होगा। मैंने तो अरुंधती और सब लोगों को ये सच बता दिया है।” एक साहसिक पत्रकार की मनमाने ढंग से की गयी गिरफ्तारी पर उत्तरप्रदेश सरकार के सामने अपना अधोवस्त्र खोल कर बैठे अखबारों के पास कहने को कुछ भी नहीं था। मोहल्ला थोड़ा बहुत कराहने के बाद चुप हो गया था। साथियों, शुभचिंतकों के चेहरे बदलने लगे थे। उधर नैनी जेल की सीलन भरी कोठरी में बंद सीमा महिला कैदियों को अपना मनपसंद गीत सुना रही थी…
तीन गज की ओढ़नी, ओढनी के कोने चार,
चार दिशाओं का संसार,
ओढ़नी के कोने चार हर दो कोने बीच दीवार,
दीवार बना हैं घूंघट, घूंघट अंदर है घुटन,
घुटन भरी है जिंदगी,
ओढ़नी है जिंदगी, जिंदगी है ओढ़नी
अन्याय और शोषण के विरुद्ध शुरू किये गये अपने एकल युद्ध में अकेले खड़ी थी सीमा। आज ये पोस्ट लिखने से पहले जब मैंने सीमा के एक पत्रकार मित्र से बात की, तो उन्होंने पहले तो कुछ भी बात करने से मना कर दिया लेकिन बहुत जद्दोजहद करने पर उन्होंने कहा, “वो सिर्फ दोस्त थी। सबसे करीबी दोस्त नहीं। हमें लोकतंत्र में सत्ता की ताकत का अंदाजा है। सीमा को शायद नहीं था या फिर वो उसे अनदेखा कर रही थी।” वो कहते हैं, “सीमा का हम चाह कर भी सहयोग नहीं कर सकते, क्योंकि हमारे पास इतनी ताकत और इतना बड़ा समूह नहीं कि सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा सके।” शायद सीमा ने इस नपुंसकता को पहचानने में देर कर दी और भीड़ के पीछे खड़ा होने का मुगालता पाले सलाखों में जकड़ दी गयी।
अरुंधती राय जैसी प्रगतिशीलता का वो अत्याधुनिक चेहरा नहीं थीं, जिसके पीछे पूरी भीड़ हो। वो मृणाल पांडेय या शोभा डे भी नहीं थी कि उनके खांसने की भी खबर प्रकाशित होती। वो सीमा थी। कभी गोरखपुर के इंसेफेलाइटिस प्रभावित इलाकों में अकेले घूमते हुए – इलाहाबाद के यमुना पार के इलाकों में मजदूरों को माफियाओं के जुल्मोसितम के खिलाफ आवाज उठाने को संगठित करती हुई सीमा का कसूर ये था कि उसके लिए खबरें सिर्फ अखबार के पन्नों पर छपी इबारत नहीं थी, जिसे पढ़ने के बाद आम आदमी अपने बच्चों का पखाना पोंछता है, उसके लिए खबरों का मतलब था कि जिनके लिए लिखो, उन्हें अपनी खबर से कुछ दो। उसका कसूर ये भी था कि वो इलाहाबाद के उन पत्रकारों की जमात का हिस्सा नहीं थी, जिनके लिए थाने की चाय अमृत का प्याला होती है और सिविल लाइन चौराहे पर देर रात तक चलने वाली गप्पबाजियां अखबारनवीस होने का प्रमाणपत्र।
सीमा की गिरफ्तारी के पहले और बाद में मीडिया मैनेजमेंट के लिए पुलिस ने क्या क्या किया और किस किस पत्रकार ने क्या क्या पाया, ये अपने आप में बड़ी रोमांचक कहानी है। इलाहाबाद के डीआईजी के घर में सीमा की गिरफ्तारी से महज कुछ घंटे पहले बैठकर चाय पीने और एसटीएफ के एसपी नवीन अरोरा को सीमा के खिलाफ हल्ला बोलने का आश्वासन देने वालों के चेहरे उतने ही काले हैं, जितनी कि उनकी कलम की रोशनाई। सीमा की गिरफ्तारी और उसके बाद मीडिया के एक वर्ग द्वारा पुलिस की भाषा में की गयी क्राइम रिपोर्टिंग ने ये साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश में पुलिस अपनी सफलताओं का तानाबाना दल्ले पत्रकारों और टायलेट पेपर सरीखे अखबारों के मालिकानों की मिलीभगत से तैयार कर रही है। होड़ इस बात की लगी है कि कौन सा समूह और कौन सा पत्रकार सरकार और सरकार के नुमाइंदों के सबसे नजदीक है। ये शत प्रतिशत सच है कि पुलिस द्वारा न सिर्फ माओवादियों के नाम पर की जा रही गिरफ्तारियां, बल्कि नक्सल प्रभावित इलाकों में आदिवासी जनों का उत्पीड़न भी मीडिया की सहमति से हो रहा है। ये बात दिल्ली, मुंबई में बैठे पत्रकार भले न मानें मगर ये सच है कि उत्तर प्रदेश में अखबार वाले बलात्कार से लेकर हत्याओं तक की खबरें दारू की बोतलों की कीमत पर गटक कर जा रहे हैं। ये तो गनीमत है कि पत्रकारों की हत्या नहीं हो रही है। अगर कल को पुलिस नक्सली बताकर किसी पत्रकार को गोली मार दे तो उसमें भी आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
अभी पिछले पखवारे जब कमलेश चौधरी की फर्जी मुठभेड़ में हत्या और उसके बाद सीमा की फर्जी तरीकों से की जाने वाली गिरफ्तारी से संबंधित खबर डेली न्यूज एक्टिविस्ट में छपी। अगले ही दिन प्रदेश के एक बेहद चर्चित और जनसत्ता में नियमित तौर पर लिखने वाले एक पत्रकार ने लखनऊ में एसटीएफ मुख्यालय से मुझे फोन करके कहा कि आवेश भाई आप नहीं जानते, मैंने आज माओवादियों का वो रजिस्टर देखा जिसमें सीमा के दस्तखत थे। वो और उसका पति तो बकायदा माओवादियों की साजिशों के सूत्रधार की भूमिका में थे। आप एक बार आकर यहां अधिकारियों से मिल लीजिए। आपकी सीमा को लेकर धारणा बदल जाएगी। मेरी धारणा बदली या नहीं बदली, उस दिन जो पत्रकार एसटीएफ मुख्यालय में मौजूद थे, उन लोगों ने बारी बारी से सीमा के खिलाफ खबरें निकालने का सिलसिला शुरू कर दिया और उन पत्रकार महोदय को जिन्होंने मुझे फोन पर सच्चाई का ज्ञान कराया था, नक्सल प्रभावित इलाकों में पंफलेट और पोस्टर छपवाने एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के नक्सली उन्मूलन को लेकर की जा रही कवायद को लेकर एक बुकलेट छपवाने का ठेका मिल गया। वो ये काम पहले भी करते आये हैं और इस काम में वे इलाहाबाद के एक प्रिंटिंग प्रेस की मदद से लाखों की कमाई पहले भी करते आये हैं।
अभी कुछ नहीं कहा जा सकता कि सीमा कब तक जेल में रहेगी। इसका भी कोई अंदाजा नहीं कि कब कौन और कैसे माओवाद के नाम पर सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा। लेकिन ये तय है कि हर एक बार जब कोई कलम से क्रांति की बात करने वाला सत्ता की खुराक बनेगा, जूठन खाने को चील कौवों की तरह मीडिया के ये शिखंडी भी मौके पर मौजूद रहेंगे।
लेखक हिंदी दैनिक डेली न्यूज़ एक्टिविस्ट में ब्यूरो प्रमुख हैं।
आवेश जी, कोई भी अकेला किसी व्यवस्था से नहीं टकराता। यदि वह टकराता है तो यह उस का दुस्साहस है उस का नतीजा तो भुगतना ही होगा। टकराने के पहले आप को अपनी ताकत को तौल लेना चाहिए। यदि आप की ताकत कमजोर है तो पहले ताकत बढानी चाहिए। यह संघर्ष का मूल मंत्र है। सीमा सच्ची हैं तो वर्तमान पूंजीवादी जनतंत्र उन्हें अधिक दिनों तक बंदी बना कर नहीं रख सकेगा। और झूठों के चेहरे अवश्य बेनकाब होंगे।
प्रत्युत्तर देंहटाएंnice
प्रत्युत्तर देंहटाएंसोनभद्र जिले के ब्यूरो चीप महोदय ने महत्वपूर्ण जानकारी दी .पलिस के खिलाफ जबतक जोदार ढंग से संघर्ष नहीं किया जायेगा यह व्यवस्था नहीं बदलेगी .पत्रकारिता में रह कर जो लोग देश को दिशा डे रहे है उनके योगदान को हम भूल नहीं सकते .आज दस्तक जैसी एक नहीं कई पत्रिकाओं कि जरुरत है .इन्कलाब तो आकर रहेगा .नेपाल उदहारण है कैसे क्रांति हुई .उत्तर प्रदेश में भी क्रांति होकर रहेगी .आप आगे बढे हम साथ है .आप क्रन्तिकारी पत्रकार है.आन्दोलन को आप कि जरुरत है .
प्रत्युत्तर देंहटाएंआवेश जी आप जैसे साहसी दो-चार पत्रकार भी हो जाएं तो देश की दशा सुधर जाएगी। सरकार और उसके पाले हुए पत्रकारों की कारगुजारियों की वजह से ही माओवाद पनपा है। जिस देश में ईमानदार पत्रकार जेल में और माफिया संसद में हों उस देश का भगवान भी भला नहीं कर सकता !!
प्रत्युत्तर देंहटाएंआज सिर्फ धर्म ही नहीं, कारपोरेट मीडिया भी जनता के लिए अफीम हो गया है।
प्रत्युत्तर देंहटाएंक्या इन समस्याओं से मुक्ति की कोई राह लोकतंत्र में नहीं बची है ?
प्रत्युत्तर देंहटाएंक्या इतने ही समर्पण के साथ लोकतंत्र को सुदृढ़ करने के मिशन में नहीं लगा जा सकता ! पूरी सहानुभूति और सम्मान के साथ मैं तो सीमा को भटका हुआ ही मानता हूँ। मीडिया की चरित्र हीनता तो आज आश्चर्य का विषय रही ही नहीं।
आवेश और सीमा के साहस को सलाम।
प्रत्युत्तर देंहटाएंप्रीतीश जी, जरा ये तो पता कीजिए कि सीमा ने अब तक की अपनी पत्रकारिता में क्या लिखा था जिसके आधार पर उसे माओवादी बताया जा रहा है। या आप भी उन्हीं में से हैं जो पुलिस की एफआईआर को आखिरी सत्य मानते हैं।
प्रीतीश जी,
प्रत्युत्तर देंहटाएंआप पहले ही मान बैठे हैं कि सीमा माओवादी हैं !! अब इसके बाद क्या कहा जाय ? आवेश जी का यह लेख इस बात को स्पष्ट करने के लिए लिखा गया है कि सीमा को उनकी जनपक्षधरत पत्रकारिता के बदले माओवादी कहा जा रहा है। लेखक ने पहले भी बताया था कि सीमा माफियाओं,भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लिखती रही हैं।
अन्याय,अत्याचार और गैर-बराबरी के खिलाफ लिखना देशद्रोह हो जाय तो कोई क्या करे ? कोई क्या करे जब जो पत्रकार चाटुकार हैं उन्हें ही देशभक्त माना जाने लगे ??
मैं कहता हूं कि हम लेखकों-पत्रकारों के वाद देखना बंद करें। हम यह देखें कि वह कौन सा मुद्दा उठा रहा है ? देखें कि वह मुद्दा जनहित में है या नहीं ?
आवेश जी ने आशंका जताई है कि कल को किसी पत्रकार को माओवादी बता कर गोली भी मारी जाएगी तो पालतू पत्रकार उसके खिलाफ कुछ नहीं बोलेंगे। कहीं ऐसा न हो कि उनकी भयानक आशंका सच निकले ?
क्षमा करें। मैं वास्तव में कुछ भी नहीं जानता हूँ। सीमा के लिखे या किये की बात बहुत दूर की है मुझे तो सीमा का परिचय भी इसी लेख से और जो इसमें लिखा है उतना ही मिला है। भटका हुआ यह मानते हुए कहा है कि यदि उसके मित्र का बयान "एक ट्रक सामान और हार्डकोर नक्सली" यदि सही है तो..। पुलिस और सत्ता का चरित्र के विषय में लिखे गये लेख से इतना सहमत हूँ कि टिप्पणी में ज़िक्र करना ही भूल गया। मारकाट में सक्रिय भागीदारी निभाने वालों को भटका हुआ मानता हूँ बस। यदि लेख में सीमा के विषय में लिखे को सही तरह से नहीं समझ पाया होऊँ तो पुनः क्षमा चाहता हूँ।
प्रत्युत्तर देंहटाएंमुझे शायद लेख को पुनः पढ़ने की आवश्यकता है...
आज नेट बहुत धीरे है सो मैं कोशिश करूंगा कि कल कुछ लेख का लिंक दूं। जिससे इस मामले पर रोशनी पड़े।
प्रत्युत्तर देंहटाएंकृपया इन लिंक को देखें -
प्रत्युत्तर देंहटाएंhttp://janatantra.com/2010/02/08/journalists-and-activists-arrested-by-up-police/
http://vipakshkasvar.blogspot.com/2010/02/blog-post_20.html
Janstta me Rajiv Yadav ka lekh aur Hans me seema ke bare me likhe gaye lekh ka bhi link den...
प्रत्युत्तर देंहटाएंAawesh ji sach likha aapne.
प्रतीभा जी उन लेखों का लिंक मेरे पास भी नहीं है। मैं देखता हूं यदि मिले तो लगाता हूं।
प्रत्युत्तर देंहटाएं