26 जनवरी 2011

पश्चिम से हम क्या सीख सकते हैं ? - 5

एन आर नारायण मूर्ति

हम भारतीय बौद्धिक ईमानदारी भी नहीं दिखाते हैं। मिसाल के लिए,हमारे राजनीतिक नेता पत्रकारों को मोबाइल फोन से फोन करके कहते हैं कि वो टेक्नोलाजी में विश्वास नहीं करते हैं ! अगर हम चाहते हैं कि हमारे युवा प्रगति करें,तो ऐसे पाखण्ड को रोकना होगा।

हम अपने नागरिक अधिकारों से अच्छी तरह परिचित हैं। मगर फिर भी अधिकारों के साथ जुड़े कर्तव्यों को स्वीकार करने में अक्सर नाकाम रहते हैं। हमें अमेरिकी राष्ट्रपति ड्वाइट आइसेनहावर के शब्दों को याद रखना चाहिए कि "जो लोग अपने उसूलों से ऊपर अपने विशेषाधिकारों को आंकते हैं,जल्दी ही दोनों को खो देते हैं।"

हमें याद रखना होगा कि हमारी अधिकांश बुनियादी सामाजिक समस्याएं आम भलाई के प्रति प्रतिबद्धता की कमी के कारण बढ़ती हैं। हेनरी बीचर ने कहा था,"संस्कृति वह है जो सबकी बेहतरी के लिए काम करने में हमारी मदद करती है।" मेरा मानना है कि अपने अच्छे मूल्यों को बरकरार रखते हुए और अपनी संस्कृति में इन पश्चिमी मूल्यों को शामिल करके हम सार्थक प्रगति कर सकते हैं।

हमारे व्यवहार की अधिकांश कमियां लालच,आत्मविश्वास में कमी,राष्ट्र में विश्वास की कमी और समाज के प्रति सम्मान की कमी की वजह से आती हैं। महात्मा गांधी के शब्दों को याद रखना सर्वाधिक उचित होगा कि "इस दुनिया में सबकी जरूरतों के लायक पर्याप्त है,मगर सबके लालच के लिए नहीं।" हम सब मिलकर एक ऐसा समाज बनाएं जहां हम दूसरों के साथ वैसा ही बर्ताव करें जैसा दूसरों से हम अपने लिए चाहते हैं। हम जिम्मेदार नागरिक बनें और अपने देश को जीने के लिए एक बेहतर स्थान बनाएं। "उत्तरदायित्व महानता का मूल्य है",विंस्टन चर्चिल ने कहा था।

हमें अपने पारिवारिक मूल्य अपने घर की सीमाओं से आगे बढ़ाने होंगे। आइए हम ज्यादा से ज्यादा लोगों के ज्यादा से ज्यादा से ज्यादा कल्याण के लिए काम करें: समस्त जनाम् सुखिनो भवन्तु। हम महज अच्छे लोगों की तरह नहीं,अच्छे नागरिकों की तरह भी बर्ताव करें,ताकि अगली पीढ़ी के लिए अच्छी मिसाल पेश कर सकें।
समाप्त
पिछली किस्तों के लिंक - पहली किस्त, दूसरी किस्त, तीसरी किस्त,चौथी किस्त.

3 टिप्‍पणियां:

  1. आज ही पूरी श्रंखला पढ़ी है।
    भारत में हर व्यक्ति विचारक बनना चाहता है।
    पोस्ट अच्छी लगी।

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  2. मैं सहमत हूँ, हम बहुत कुछ सीख सकते हैं।

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं